कांग्रेस विधायक ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, निष्पक्ष कार्रवाई की उठाई मांग
मोहनगढ़। क्षेत्र में चर्चित घंसू प्रजापति हत्याकांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर ने पीड़ित परिवार से उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात की तथा शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि घंसू प्रजापति हत्याकांड की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निष्कर्ष तक पहुंचने वाली जांच होना अत्यंत आवश्यक है। यदि जांच निष्पक्ष नहीं हुई तो पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होना चाहिए।
राठौर ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। इसलिए पुलिस प्रशासन को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए, पूरे मामले में निर्दोष व्यक्ति को दूर रखना चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
पीड़ित परिवार ने विधायक को घटना से जुड़ी जानकारी देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। विधायक ने परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज शासन और प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक ग्रामीण भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।