नदी-नालों के आसपास चल रहा अवैध कारोबार, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल

बंधा जी चौकी क्षेत्र में रेत माफिया सक्रिय, मिट्टी को धोकर बनाई जा रही अवैध रेत


मोहनगढ़। बंधा जी चौकी क्षेत्र के बरियाबार हार में अवैध रेत के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र में रेत माफिया द्वारा कथित तौर पर मिट्टी को पानी से धोकर अवैध रूप से रेत तैयार करने का काम किया जा रहा है। इस गतिविधि से प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के साथ ही शासन को राजस्व की हानि होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ स्थानों पर बड़े पैमाने पर मिट्टी का उत्खनन कर उसे पानी से धोया जा रहा है, जिसके बाद निकली रेत को एकत्रित कर अवैध तरीके से परिवहन और बिक्री किए जाने की चर्चा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से रेत माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग—हो निष्पक्ष जांच और कार्रवाई
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन एवं खनिज विभाग को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। यदि बिना अनुमति मिट्टी से रेत तैयार कर उसका भंडारण, परिवहन और बिक्री की जा रही है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
Previous Post Next Post