मोहनगढ़ । शासकीय हाई स्कूल इकबालपुरा में प्राचार्य श्रीमती सविता अहिरवार की सकारात्मक पहल और शिक्षकों की मेहनत से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण लगातार बेहतर हो रहा है। विद्यालय परिसर में संचालित प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अभिभावकों का विश्वास भी सरकारी विद्यालयों के प्रति बढ़ा है।
विद्यालय में बच्चों को नियमित अध्ययन के साथ स्मार्ट शिक्षण पद्धति, खेल-खेल में सीखने की गतिविधियां, स्वच्छ एवं आकर्षक कक्षाएं, समयबद्ध शैक्षणिक कार्यक्रम तथा अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। शिक्षक बच्चों की व्यक्तिगत प्रगति पर विशेष ध्यान देकर उनकी सीखने की क्षमता को निरंतर विकसित कर रहे हैं।
प्राचार्य श्रीमती सविता अहिरवार ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। इसी सोच के साथ विद्यालय में नवाचार आधारित शिक्षण, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
क्षेत्र के अभिभावकों ने विद्यालय में हुए सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि अब सरकारी विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों जैसी सुविधाएं और बेहतर शिक्षण वातावरण देखने को मिल रहा है, जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने में मदद मिल रही है।