ग्राम पंचायत गोर में स्वच्छता व्यवस्था की खुली पोल, जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मोहनगढ़ । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के जज्बे के साथ ग्राम पंचायत गोर में तिरंगा यात्रा निकाली गई, लेकिन यात्रा के दौरान गांव की बदहाल सड़कों ने स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। कीचड़ और गंदगी से सनी सड़कों से होकर निकली तिरंगा यात्रा ने ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की कई सड़कों पर बारिश के बाद कीचड़ जमा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों को भी कीचड़ भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्वच्छता को लेकर पंचायत स्तर पर किए जा रहे दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। तिरंगा यात्रा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के दिन भी गांव की सड़कें साफ नहीं हो सकीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, जल निकासी की व्यवस्था करने और कीचड़ से निजात दिलाने की मांग की है।