स्वच्छता सर्वेक्षण में जतारा जनपद पंचायत में बम्होरी सबसे ऊपर
मोहनगढ़ । कलेक्टर की मंशा के अनुरूप स्वच्छता सर्वेक्षण में ग्राम पंचायत बम्होरी (बराना) लगातार बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र में मिसाल बनकर उभरी है। ग्राम पंचायत के प्रयासों से पिछले एक वर्ष से नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण वाहन पहुंच रहा है, जिससे गांव की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
ग्राम पंचायत द्वारा प्रत्येक घर से नियमित रूप से सूखा एवं गीला कचरा एकत्र किया जा रहा है। इससे गांव की गलियां और सार्वजनिक स्थल साफ-सुथरे बने हुए हैं। ग्रामीणों ने भी स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है, जिसके कारण पूरे गांव का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे रहा है।
ग्राम सरपंच दाखिराम लोधी एवं कर्मचारियों का कहना है कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत प्रयास है। ग्रामीणों के सहयोग से गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का कार्य लगातार जारी रहेगा। सचिव मुलायम सिंह राजपूत ने बताया कि बम्होरी में एक वर्ष से घर-घर कचरा वाहन पहुंच रहा है स्वच्छता सर्वेक्षण में जतारा जनपद पंचायत का बम्होरी गांव सबसे ऊपर है।