टीकमगढ़ । बीते दिन जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर मवई गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर लोगो में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में अजाक्स संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के साथ पुलिस अधीक्षक के नाम को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
संगठन के अध्यक्ष डॉ बी पी अहिरवार ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना गंभीर एवं संवेदनशील मामला है। ऐसे कृत्य से सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर निरंतर वायरल हो रहा है, पुलिस प्रशासन ने भी शरारती तत्वों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की बात कही है ।
ज्ञापन के दौरान अजाक्स संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो संगठन द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने प्रशासन से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की।
अजाक्स संगठन ने स्पष्ट किया कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक संगठन मामले को लेकर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।