समय से पहले बंद मिला उप स्वास्थ्य केंद्र, इलाज के लिए भटक रहे ग्रामीण



मोहनगढ़ । ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच कुम्हेड़ी का उप स्वास्थ्य केंद्र व्यवस्थाओं की अनदेखी का शिकार नजर आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उप स्वास्थ्य केंद्र समय से पहले ही बंद कर दिया जाता है, जिसके चलते इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। बुधवार को भी स्वास्थ्य केंद्र पर समय से पहले ताला लटका मिला।
ग्रामीणों के मुताबिक, सीएचओ के मुख्यालय पर नियमित रूप से नहीं रुकने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने या प्राथमिक उपचार की जरूरत पड़ने पर लोगों को स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारी नहीं मिलते और उन्हें दूसरे स्थानों पर इलाज के लिए जाना पड़ता है।

स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने बताया कि सरकार द्वारा गांव-गांव स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन कुम्हेड़ी में समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने से इनका उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित समय तक खुलवाने और सीएचओ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।

 बदलते मौसम में गांव में संक्रामक बीमारियों का खासा असर दिखाई दें रहा है ऐसे में उप स्वास्थ्य केंद्र का बंद रहना विभाग के लिए चिंता एवं मरीज के लिए परेशानी का विषय है, ग्रामीणों ने तो यह भी आरोप लगाए हैं कि उप स्वास्थ्य केंद्र दो-चार दिन में एक बार खुलता है और समय से पहले बंद हो जाता है अब सवाल यही है कि डॉक्टरों की लापरवाही का खामियाजा मरीज को भुगतना क्यों पड़ रहा है..?
Previous Post Next Post