टीकमगढ़। बीते दिनों मवई ग्राम में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर SC/ST/OBC अन्य संयुक्त मोर्चा ने नाराजगी जताई है। संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी टीकमगढ़ के नाम आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
बीते 30 अगस्त 2026 को मवई गांव में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद घटना के करीब 10 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है जिससे बाबा साहब के अनुयायियों में रोष व्याप्त है।
मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी नहीं होने से समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। संयुक्त मोर्चा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो 14 सितंबर से संयुक्त कलेक्टर कार्यालय भवन के सामने अनिश्चितकालीन विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।