खरगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
खरगापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगापुर में रविवार को कलेक्टर विवेक श्रोतीय ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रबंधन में भी हलचल दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण व्यवस्था सहित मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
कलेक्टर मरीजों से पूछा कि उन्हें उपचार, दवाइयां और जांच की सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। साथ ही अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी मरीजों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।