टीकमगढ़ । विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सिविल लाइन में स्थित अजाक्स कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर महान आदिवासी जननायक एवं स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया। अजाक्स संगठन के जिला अध्यक्ष डॉक्टर बीपी अहिरवार ने कहा कि भगबान बिरसा मुंडा का जीवन समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान के लिए जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक उत्थान और युवाओं की भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने तथा समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अजाक संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।