बंधा जी में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, गांव की गलियों से सड़क तक दिखी देशभक्ति

मोहनगढ़ । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बंधा जी गांव में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति का संदेश दिया। गांव की गलियों से लेकर मुख्य सड़क तक तिरंगे लहराते नजर आए और पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। प्रशासनिक अमले के साथ पुलिस के जवान भी यात्रा में शामिल हुए और हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा में शामिल ग्रामीणों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संकल्प लेते हुए स्वतंत्रता दिवस के पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया। इस दौरान गांव की गलियों और सड़कों पर जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। तिरंगा यात्रा में मोहनगढ़ तहसीलदार सावंत सिंह, कार्यपालक मजिस्ट्रेट अभय सिंह, चौकी प्रभारी कन्हैयालाल, शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल  बंधा जी की प्राचार्य रोशनी दांगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मानसिंह दांगी,सरपंच प्रतिनिधि गुड्डू दांगी, आशीष दांगी के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
Previous Post Next Post