स्कूलों का नियमित औचक निरीक्षण करें: कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय



टीकमगढ़। कलेक्टर  विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, जनविश्वास अभियान, ई-विकास प्रणाली 2.0 सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया कि ब्लॉक एवं संकुल स्तर पर सीएसी एवं बीएसी द्वारा विद्यालयों का निरंतर एवं नियमित औचक निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने निरीक्षण में पाई जाने वाली अनियमितताओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सीएसी एवं बीएसी के निरीक्षण एवं कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

ई-विकास प्रणाली 2.0 की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर  श्रोत्रिय ने ई-विकास प्रणाली 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश राजस्व, मार्कफेड, सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जिले में वर्तमान में उपलब्ध उर्वरकों की मात्रा की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग करें

सभी जिलाधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिकायतों पर प्रस्तुत किए जाने वाले जवाब की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त होने पर उनका नियमित रूप से अनुश्रवण करते हुए निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ अमले को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दें।


Previous Post Next Post