टीकमगढ़ । जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। झांसी-टीकमगढ़ मार्ग पर स्थित पूनोल नाले में पानी का बहाव तेज होने से करीब दो घंटे से यातायात प्रभावित है। नाले पर पानी बढ़ने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश का दौर लगातार जारी रहने से क्षेत्र के छोटे-बड़े नदी-नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पूनोल नाले पर पानी का बहाव तेज होने के चलते वाहन चालकों को जोखिम उठाकर निकलने से बचना पड़ रहा है। मार्ग बाधित होने से यात्रियों को भी काफी इंतजार करना पड़ रहा है ।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए और नालों पर पानी बढ़ने की स्थिति में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।