टीकमगढ़। पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई आम जन के लिए वरदान साबित हो रही है। को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें, समस्याएं एवं सुझाव पुलिस अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच, आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराई जाए।
महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के मामलों पर विशेष संवेदनशीलता बरते
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ सुना गया। ऐसे प्रकरणों में पुलिस अधिकारियों द्वारा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक सहायता एवं कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।