पर्यटन विभाग की सूची में शामिल किले को संरक्षण की दरकार, जिम्मेदार विभाग की अनदेखी से बढ़ रहा खतरा
मोहनगढ़। लगातार हो रही बारिश का असर ऐतिहासिक मोहनगढ़ किले पर भी दिखाई देने लगा है। बारिश के चलते मोहनगढ़ बस स्टैंड के पास किले की एक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि दीवार गिरने के दौरान आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद किले की अन्य कमजोर दीवारों को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है।
संरक्षण के अभाव में खो रहा ऐतिहासिक स्वरूप
मोहनगढ़ का किला क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को समेटे हुए है। बताया जाता है कि किला पर्यटन विभाग की सूची में भी शामिल है, बावजूद इसके लंबे समय से इसके संरक्षण और मरम्मत को लेकर प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है। बारिश के मौसम में किले की कमजोर दीवारों के गिरने का खतरा और बढ़ गया है।
लोगों ने की संरक्षण की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते किले की जर्जर दीवारों और भवन के कमजोर हिस्सों का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाले समय में ऐतिहासिक धरोहर को भारी नुकसान हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से किले का निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्सों की मरम्मत एवं संरक्षण कार्य कराने की मांग की है।
(राकेश भास्कर मोहनगढ़..)