टीकमगढ़। पुलिस सेवा निरंतर चुनौतियों, आकस्मिक परिस्थितियों और जनसरोकारों से जुड़ी जिम्मेदारियों के बीच कार्य करने वाली सेवा है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक संतुलन, भावनात्मक सुदृढ़ता और सकारात्मक कार्यशैली को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ डीजीपी कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा पुलिस बल के कल्याण की दिशा में एक संवेदनशील एवं सकारात्मक पहल निरंतर आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस मुख्यालय एवं हार्टफुलनेस संस्थान के सहयोगात्मक प्रयासों के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नियमित रूप से ध्यान एवं आत्मचिंतन सत्आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को कार्य की व्यस्तता और तनाव के बीच कुछ समय स्वयं से जुड़ने, मन को शांत रखने तथा आंतरिक ऊर्जा और सकारात्मकता को विकसित करने का अवसर प्रदान करना है।
इन ध्यान सत्रों के माध्यम से पुलिस कर्मियों में तनाव प्रबंधन, धैर्य, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। एक शांत एवं संतुलित मन कठिन परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने के साथ-साथ आमजन के प्रति अधिक संवेदनशील, संयमित और मानवीय व्यवहार में भी सहायक होता है।