मोहनगढ़। शासकीय बालक सीनियर छात्रावास मोहनगढ़ में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रावास परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाकर पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम में छात्रावास के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं श्रीकृष्ण की लीलाओं की प्रस्तुति दी। छात्रावास की अधीक्षक राम प्रकाश अहिरवार ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए प्रेम, सद्भाव और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास में भक्तिमय वातावरण बना रहा। भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया गया। छात्रावास प्रबंधन ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी पर्व के महत्व की जानकारी देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
इस दौरान छात्रावास के कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर जन्माष्टमी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया।